जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा के प्रयास रंग लाए, लोक निर्माण विभाग ने जारी किया सड़क फिटनेस प्रमाणपत्र।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट के मांडी और नंदोल गांवों के लोगों को वर्षों से चली आ रही रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति संबंधी समस्या से राहत मिली है। वीरवार को रसोई गैस सिलेंडरों से भरी गाड़ी गांवों तक पहुंची। गैस की गाड़ी गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता जाहिर की और इस जनहित कार्य के लिए जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि सड़क की स्थिति अनुकूल न होने के कारण इन गांवों तक गैस सिलेंडर की गाड़ी नहीं पहुंच पा रही थी। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने एसडीएम अर्की और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को ज्ञापन सौंपकर गांवों तक गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने का मामला उठाया था। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क का निरीक्षण कर सड़क फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने का आग्रह भी किया था।
इन प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, बीएंडआर उपमंडल अर्की द्वारा 28 सितंबर 2026 को सड़क फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया गया। प्रमाणपत्र के अनुसार मांडी से नंदोल सड़क की लंबाई 0.600 किलोमीटर है। यह सड़क ध्यानपुर-डीब-अंदरोली सड़क से निकलती है। पूरे सड़क हिस्से में जी-1 सोलिंग की गई है तथा इसे चार पहिया वाहनों की आवाजाही के लिए उपयुक्त प्रमाणित किया गया है। संबंधित विभागों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लगभग डेढ़ माह के भीतर ही इन गांवों में रसोई गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंचने की सुविधा शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों को अब गैस सिलेंडर लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें घर के नजदीक ही गैस उपलब्ध हो सकेगी।
जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने इस सुविधा को उपलब्ध करवाने में सहयोग देने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है।



