टाइलों से भरे ट्रक के खराब होने से अर्की-कुनिहार मार्ग छह घंटे रहा बाधित, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

मन्जयाट के पास सड़क पर फंसा ट्रक, बड़े वाहनों की आवाजाही रही बंद; क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर यातायात किया बहाल

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की-कुनिहार मार्ग पर मन्जयाट के समीप टाइलों से भरा एक ट्रक खराब हो जाने के कारण यातायात करीब छह घंटे तक बाधित रहा। सड़क के बीचोंबीच ट्रक के खड़े हो जाने से मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई, जबकि केवल छोटी गाड़ियों को ही किसी तरह वहां से गुजरने की अनुमति मिल पा रही थी।

इसके चलते बसों, ट्रकों तथा अन्य बड़े वाहनों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार टाइलों से भरा यह ट्रक मन्जयाट के पास अचानक खराब हो गया। मार्ग संकरा होने के कारण ट्रक के सड़क पर खड़े रहने से बड़े वाहनों के लिए निकलने की जगह नहीं बची। देखते ही देखते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान बड़े वाहनों में सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण वाहन चालकों को वाया मांजू अथवा अन्य वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंचने की सलाह दी गई, जबकि छोटी गाड़ियों की आवाजाही जारी रही।
करीब छह घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने के बाद ट्रक को खाली करवाया गया। इसके पश्चात क्रेन की सहायता से खराब ट्रक को सड़क के एक किनारे लगाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। यातायात बहाल होने से वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page