पेंशनरों की लंबित मांगों पर सरकार के रवैये से रोष, शीघ्र समाधान की उठाई मांग।

डीए एरियर, 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता, पेंशन संशोधन और चिकित्सा बिलों के भुगतान का मुद्दा उठा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – हिमाचल पेंशनर्स फेडरेशन की अर्की इकाई की बैठक सोमवार को इकाई के उपप्रधान रतन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रधान जय नंद शर्मा सहित फेडरेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रदेश सरकार से इनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।


बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार से बार-बार आग्रह करने के बावजूद पेंशनरों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त का लाभ मिलने के बावजूद इसका एरियर जारी नहीं किया गया है। इसके अतिरिक्त 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की लंबित राशि का भुगतान भी शीघ्र किया जाना चाहिए।
बैठक में वर्ष 2016 और 2022 से संबंधित पेंशन संशोधन के वित्तीय लाभों का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके देय वित्तीय लाभ मिलने में हो रही देरी से पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का समय पर भुगतान न होने पर भी चिंता जताई गई। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों को इलाज के दौरान अपने खर्चों का भुगतान स्वयं करना पड़ता है, जबकि चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति लंबे समय तक लंबित रहती है। फेडरेशन ने सरकार से चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पेंशनर लंबे समय तक सरकारी सेवाओं में योगदान देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। ऐसे में उनके जायज वित्तीय लाभों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पेंशनरों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सभी लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने का आग्रह किया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पेंशनरों के हितों की लड़ाई एकजुट होकर जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर श्याम गुप्ता, किशोरी लाल, रमेश कुमार, लेख राम, बाबू राम कौंडल, गोपाल सिंह, नरदेव शर्मा, दुर्गा राम, रोशन वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page