ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बराईली के गांव बुडमो निवासी पूर्व सैनिक नायक कृष्ण चंद का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

नायक कृष्ण चंद मई 1986 में भारतीय सेना की 14 ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। उन्होंने लगभग 16 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद फरवरी 2002 में सेना से सेवानिवृत्ति प्राप्त की थी। वे अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।
उनके निधन की सूचना मिलने पर 14 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर सुबाथू से सूबेदार भुवन खामचा, सिपाही कृष्ण भंडारी और सिपाही मुकेश छेत्री उनके पैतृक गांव पहुंचे। उन्होंने सैन्य परंपरा के अनुसार दिवंगत पूर्व सैनिक के पार्थिव शरीर पर रीथ अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके अलावा पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन प्रेम चंद चौहान, नायक परस राम तथा दाड़लाघाट लीग के अध्यक्ष कैप्टन हीरा लाल ठाकुर, कैप्टन धर्मेंद्र सिंह, सूबेदार आत्मा राम, नायब सूबेदार अमर सिंह और सुंदरनगर से हवलदार विनोद कुमार सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने उनके घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

पूर्व सैनिकों ने दिवंगत नायक कृष्ण चंद के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
