ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में नए मुख्याध्यापक के रूप में सुरेश कुमार ने अपना कार्यभार संभाल लिया है।विद्यालय प्रभारी यशपाल ने बताया कि इससे पूर्व वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटबेजा में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। पदोन्नति के बाद उन्हें लड़ोग विद्यालय में मुख्याध्यापक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका स्वागत किया गया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरेश कुमार के कार्यभार संभालने पर समस्त स्टाफ ने उनका स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुरेश कुमार के अनुभव, कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में विद्यालय शैक्षणिक क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। विद्यालय परिवार ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।


