आठ वर्षों का प्रधानाचार्य पद का अनुभव, उपनिदेशक कार्यालय सोलन में भी दे चुके हैं सेवाएं; शिक्षा और खेलों में विद्यालय को आगे ले जाने की जताई प्रतिबद्धता।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट के पूर्व प्रधानाचार्य अजय शर्मा के 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त होने के बाद राजकुमार गौतम ने नए प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पूर्व वह उपनिदेशक कार्यालय सोलन में प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्हें प्रधानाचार्य के रूप में आठ वर्षों का अनुभव है तथा वह विभिन्न विद्यालयों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

राजकुमार गौतम वर्तमान में जिला स्कूल खेल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जिला एवं राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शिक्षा जगत में वह अपने प्रबंधन कौशल, कर्मठता और कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

विद्यालय पहुंचने पर ग्राम पंचायत प्रधान आशा देवी एवं उपप्रधान हरीश शर्मा ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के प्रधान प्रवीण कुमार, उपप्रधानाचार्य सुनीता ठाकुर, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य सुनीता ठाकुर ने समस्त विद्यालय परिवार की ओर से उनका स्वागत करते हुए कहा कि राजकुमार गौतम जैसे अनुभवी और कर्मठ नेतृत्व का मिलना विद्यालय के लिए अच्छा अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विद्यालय के कुशल संचालन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यभार संभालने के बाद प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने विद्यालय परिवार एवं पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत और सहयोग के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना और उन्हें शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने विद्यालय को विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय के सहयोग से मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
इसे बनाएं अखबार कटिंग सहित

