अर्की के शिवनगर में मानव कल्याण समिति ने लगाया चिकित्सा शिविर, 125 से अधिक मरीजों की जांच

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज –  मानव कल्याण समिति अर्की की ओर से स्वर्गीय प्रभावती गौतम की पुण्य स्मृति में ग्राम पंचायत दावटी के शिवनगर गांव में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर स्वर्गीय प्रभावती गौतम के पुत्र विवेक गौतम और पुत्रवधू डॉ. सोनिका गौतम भी मौजूद रहे।


शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 125 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इनमें औषधि विशेषज्ञ डॉ. उदित शुक्ला, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश शर्मा, शल्य चिकित्सक डॉ. अमृतांशु शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा, डॉ. निधि शर्मा तथा समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने सेवाएं दीं।

शिविर में 24 मरीजों की ईसीजी और 91 लोगों की रक्त जांच की गई। इसके अलावा 35 से अधिक लोगों को निःशुल्क नजर के चश्मे वितरित किए गए तथा सभी मरीजों को दवाइयां भी मुफ्त उपलब्ध करवाई गईं। शिविर में 91 वर्षीय आत्मा राम ने भी स्वास्थ्य जांच करवाई।

समिति के सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि वर्ष 2010 में स्थापित मानव कल्याण समिति अपने संसाधनों से प्रतिवर्ष अर्की क्षेत्र में दो निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करती है। शिवनगर में आयोजित यह समिति का 20वां शिविर था। स्थानीय पंचायत प्रधान हेत राम सहित ग्रामीणों ने समिति के प्रयासों की सराहना की।
समापन अवसर पर समिति अध्यक्ष राजेंद्र गौतम ने शिविर के आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों, स्वयंसेवकों, स्कूल प्रबंधन, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग तथा समिति सदस्यों का आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान हरिराम कौंडल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page