अर्की स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन, संयुक्त निदेशक जगदीश चन्द नेगी रहे मुख्यातिथि।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पीएम श्री एससीवीटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह वीरवार को संपन्न हुआ। समारोह में संयुक्त निदेशक जगदीश चन्द नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि अर्की के समाजसेवी सुशील गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


समापन समारोह के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी लाल चन्द वर्मा और हेमलता शर्मा ने सात दिनों तक चले शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों, स्वयंसेवियों की भागीदारी और शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी। शिविर में कुल 107 स्वयंसेवियों ने भाग लिया, जिनमें 44 लड़के और 63 लड़कियां शामिल रहीं। लड़कों की यूनिट के प्रभारी लाल चन्द वर्मा और लड़कियों की यूनिट की प्रभारी हेमलता शर्मा ने सात दिनों तक स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन किया।


मुख्यातिथि जगदीश चन्द नेगी ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करने का आह्वान भी किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक सरोकारों, स्वच्छता, अनुशासन और जनजागरूकता से जुड़ी सीख प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में शिविर के सफल आयोजन में योगदान देने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित किया गया और कार्यक्रम प्रभारियों और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर डीएसएसए सोलन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार गौतम, विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमराज गौड़, एडीपीओ सोलन हेमराज, केंद्राध्यक्ष प्राथमिक विद्यालय अर्की महेश गर्ग,गोपाल शर्मा ,स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, उपाध्यक्ष सुनील धीमान सहित विद्यालय स्टाफ और एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page