ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सोलन जिला पुलिस की पीओ सेल की टीम ने न्यायालय द्वारा भगोड़ा अपराधी घोषित किए गए अर्की क्षेत्र के दो आरोपियों को सूबाथू से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला जेल सोलन भेज दिया गया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक, सोलन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमत अली (41), निवासी अर्की और सलीम (49), निवासी मंजयाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना कंडाघाट में 26 अगस्त 2023 को अभियोग संख्या 64/2023 दर्ज किया गया था। यह मामला महोग-चायल क्षेत्र से 25 शटरिंग प्लेटें चोरी करने के आरोप से संबंधित है। मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 457, 380 और 34 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं 181, 196 और 192 के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और बाद में वे जमानत पर रिहा हो गए थे। जांच पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध आरोपपत्र न्यायालय में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों आरोपी बार-बार आदेश दिए जाने के बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते न्यायालय ने 27 अगस्त 2026 को उन्हें भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला स्तर पर गठित पीओ सेल की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और निरंतर निगरानी के आधार पर 23 अक्तूबर 2026 को दोनों को सूबाथू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जिला जेल सोलन भेज दिया गया।


