कार्तिक बने सीएससीए प्रधान, नवनियुक्त कार्यकारिणी ने महाविद्यालय के विकास में सहयोग का लिया संकल्प।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की में सत्र 2026-27 के लिए नामित कॉलेज छात्र केंद्रीय संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मस्तराम ने नवनामित पदाधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजन तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि सीएससीए के प्रधान पद पर बीएससी तृतीय वर्ष के कार्तिक, उपप्रधान पद पर एमए इतिहास प्रथम सत्र की नीरज कुमारी, सचिव पद पर बीए प्रथम सत्र की मानसी तथा संयुक्त सचिव पद पर बीकॉम द्वितीय वर्ष की प्रेरिका बंसल को नामित किया गया है।
समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक क्लबों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), रोवर-रेंजर, स्काउट एंड गाइड, इको क्लब, रेड रिबन क्लब और स्पोर्ट्स क्लब के लिए नामित सदस्यों सहित कक्षा प्रतिनिधियों को भी महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों ने शपथ दिलाई।

इस अवसर पर सीएससीए के प्रधान कार्तिक ने कहा कि उनकी कार्यकारिणी महाविद्यालय प्रशासन की ओर से विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
प्राचार्य डॉ. मस्तराम ने सभी नामित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सहयोग से महाविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही, कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।


