शारीरिक शिक्षक संघ जिला सोलन के चुनाव संपन्न, भास्करानंद ठाकुर को फिर मिली जिला प्रधान की कमान

चंद्र दत्त और राजेश पम्मी महासचिव निर्वाचित, करीब 20 सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षकों को किया सम्मानित

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊंचा गांव कुनिहार में शारीरिक शिक्षक संघ जिला सोलन के चुनाव संपन्न हुए। चुनाव में भास्करानंद ठाकुर को पुनः जिला प्रधान चुना गया, जबकि चंद्र दत्त, राजकीय उच्च पाठशाला करोग तथा राजेश पम्मी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुल्लरवाला को महासचिव के पद पर निर्वाचित किया गया। शेष कार्यकारिणी के विस्तार के लिए जिला प्रधान और महासचिव को अधिकृत किया गया।

नवनिर्वाचित जिला प्रधान भास्करानंद ठाकुर ने कहा कि शारीरिक शिक्षक संघ का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलकूद के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करना, उनके जीवन में अनुशासन की भावना विकसित करना तथा विद्यालयों के संचालन में अनुशासित भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि संघ अपने शिक्षक साथियों के सुख-दुख में एक परिवार की तरह साथ खड़ा रहेगा और उनके हितों के लिए मिलकर कार्य करेगा।

चुनाव के अवसर पर सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षकों के सम्मान में समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 20 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में एडीपीओ सोलन महेंद्र राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शारीरिक शिक्षक संघ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान करना उनके योगदान और सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सराहनीय प्रयास है।

महेंद्र राठौर ने अपने भावपूर्ण संबोधन में कहा कि सोलन जिले में सेवाकाल के दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत वे अपने कार्यकाल को लगभग पूर्णता की ओर ले जा सके। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और बेहतर तालमेल के कारण सोलन जिला खेल गतिविधियों के क्षेत्र में प्रदेश भर में अच्छी पहचान बनाने में सफल रहा है।

उन्होंने युवा साथियों से आग्रह किया कि वे इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जिले का नाम और ऊंचा करें। सभी शिक्षक आपसी तालमेल, सहयोग और एकजुटता के साथ कार्य करें, ताकि विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण शब्दों में सम्मानित किया तथा जिला शारीरिक शिक्षक संघ की नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी।

कार्यक्रम में शिक्षकों ने संघ को और अधिक मजबूत बनाने, विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा शारीरिक शिक्षा के माध्यम से उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page