ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन हो गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बेरल के प्रधान जोगेंद्र शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।

विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि जोगेंद्र शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका अहम है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाते हुए समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों में सहयोग, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है तथा वे एक जागरूक नागरिक के रूप में समाज में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यातिथि जोगेंद्र शर्मा ने विद्यालय परिवार द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाजसेवा से जुड़े कार्यों में भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।


