प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन 83वें दिन भी जारी, सुंदरनगर-2 के पदाधिकारियों ने संभाला मोर्चा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर क्रमिक अनशन शुक्रवार को 83वें दिन भी जारी रहा। स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला में चल रहे इस आंदोलन में जिला मंडी के पीटीएफ ब्लॉक सुंदरनगर-2 के पदाधिकारियों ने भाग लेकर शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और लंबित मांगों को पूरा करने की आवाज बुलंद की।

क्रमिक अनशन में पीटीएफ ब्लॉक सुंदरनगर-2 के प्रधान हरीश ठाकुर, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश, महालेखाकार ठाकुर दास, कार्यालय सचिव टेक चंद तथा जिला प्रतिनिधि राकेश कुमार शामिल हुए। इस दौरान शिक्षकों ने प्रदेश सरकार से उनकी सभी न्यायोचित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अनुसार, यह आंदोलन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और गांधीवादी विचारों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। संघ ने बताया कि 2 अक्टूबर को शिमला में राज्य, जिला, खंड और महिला विंग के पदाधिकारियों ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने के कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके बाद 3 अक्टूबर से प्रदेशभर में शिक्षक और मिड-डे मील (एमडीएम) वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर कार्य कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधि भी विभिन्न पाठशालाओं में काले बिल्ले लगाकर संघ की मांगों का समर्थन कर रहे हैं।
संघ ने आगामी रणनीति के तहत विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों से संबंधित मांग-पत्र सौंपने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का यह आंदोलन 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिमला पहुंचने के बाद आगे बढ़ा था। इसके पश्चात 26 जुलाई को चौड़ा मैदान, शिमला में विशाल धरना आयोजित किया गया और फिर क्रमिक अनशन शुरू किया गया।
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन पूरी एकजुटता, अनुशासन और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page