ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बखालग की छात्राओं ने जिला स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता में बास्केटबॉल के खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार जिला विजेता का खिताब अपने नाम किया। विभिन्न खेलों के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में किया गया।

फाइनल मुकाबले में बखालग की टीम ने डीपीएस सोलन को कड़े और रोमांचक मुकाबले में 43-32 के अंतर से हराकर बास्केटबॉल का खिताब जीता। निर्णायक क्षणों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर बखालग स्कूल की पांच छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य धीरज कुमार ने विद्यालय के पीईटी किशोर कुमार और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और पीईटी के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगी।


