ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नालागढ़ रोड स्थित गंभर पुल में 24 सितंबर को अलख दाता मेले एवं विशाल दंगल का भव्य आयोजन किया गया। मेले और दंगल में क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम ग्राम पंचायत बनोह-खरड़हट्टी के क्षेत्र में आयोजित किया गया। इस दौरान पंचायत प्रधान तृप्ता, उपप्रधान हेमराज पाल तथा बीडीसी सदस्य निर्मला चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
दंगल की बड़ी माली में धामी के पहलवान भूपिंदर ने बाजी मारी, जबकि चीला, बिलासपुर के बलबीर पहलवान उपविजेता रहे। दोनों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले का दर्शकों ने जमकर आनंद लिया और तालियों के साथ पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान जगदीश, उपप्रधान जय पाल, सदस्य राजिंदर ठाकुर, वीर सिंह और अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को बधाई दी तथा मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के पारंपरिक मेले और खेल आयोजन क्षेत्र की संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
मेला कमेटी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।



