राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में केंद्रीय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  जिला सोलन के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की केंद्रीय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनीता शर्मा ने किया।

समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेतराम ने केंद्रीय छात्र परिषद की अध्यक्ष दीपिका, उपाध्यक्ष प्राची शर्मा, महासचिव नीरज कुमार तथा संयुक्त सचिव नंदिता को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई। इसके बाद नामांकित कक्षा प्रतिनिधियों रुचि (बीए तृतीय वर्ष), काजल (बीकॉम तृतीय वर्ष), ममता कौंडल (बीए द्वितीय वर्ष), रेखा देवी (बीकॉम द्वितीय वर्ष), अंकुर (बीए प्रथम वर्ष) और हर्ष कुमार कौंडल (बीकॉम प्रथम वर्ष) को भी उनके दायित्वों की शपथ दिलाई गई।
विभिन्न गतिविधि क्लबों के नामांकित सदस्यों ने भी अपने निर्धारित दायित्वों की शपथ ली। इनमें खेल क्लब से प्रिंस कुमार कौंडल व काजल रानी, राष्ट्रीय कैडेट कोर से उमेश कुमार व निकिता कुमारी, पर्यावरण क्लब से पुनीत कुमार व नेहा, सड़क सुरक्षा क्लब से अमित सिंह व जतिन सहगल, रेड रिबन क्लब से भुवनेश्वरी व अंजली, सांस्कृतिक गतिविधि क्लब से यामिनी व भव्य कुमार, निर्वाचक साक्षरता क्लब से आंचल व कोमल, राष्ट्रीय सेवा योजना से प्रभजोत कौर व खुशबू तथा नशा विरोधी क्लब से अजय कुमार व पूनम कुमारी शामिल रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. हेतराम ने नव-नामांकित पदाधिकारियों, कक्षा प्रतिनिधियों और क्लब सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्रीय छात्र परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, सहयोग और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी प्रतिनिधि अपने साथियों की समस्याओं और सुझावों को सकारात्मक रूप से महाविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाएं और महाविद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भी आह्वान किया।
समारोह में डॉ. सुदर्शना शर्मा, प्रो. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. मिलनप्रीत, प्रो. रीनू शर्मा, प्रो. राहुल, पूरन ठाकुर, अंजना देवी तथा सीताराम कौशल सहित महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुनीता शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए नव-नामांकित छात्र प्रतिनिधियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page