स्वच्छ हवा के लिए कार्रवाई का समय विषय पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, वायु प्रदूषण से बचाव के बताए उपाय।
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस फॉर ब्लू स्काईज के अवसर पर सिविल अस्पताल अर्की में महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष दिवस का विषय ‘स्वच्छ वायु के लिए कार्रवाई का समय’ रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य वायु प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की, जिला सोलन, डॉ. मुक्ता रस्तोगी के दिशा-निर्देशानुसार किया गया। इस अवसर पर एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेंटर, सिविल अस्पताल अर्की के काउंसलर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने उपस्थित महिलाओं को वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी।

डॉ. शांडिल ने कहा कि स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवनब्यूरोके लिए बेहद जरूरी है। प्रदूषित हवा में मौजूद धूल, धुआं, सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसों के कारण आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश, एलर्जी और सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से फेफड़ों और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा सांस और हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने घर के अंदर उचित वेंटिलेशन रखने और धूम्रपान से बचने पर भी जोर दिया।

महिलाओं को कचरा न जलाने, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से बचने, वाहनों का अनावश्यक प्रयोग कम करने, सार्वजनिक परिवहन एवं साझा वाहनों का उपयोग करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सिविल अस्पताल अर्की के इंचार्ज डॉ. बाल कृष्ण कौण्डल ने भी लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा वायु प्रदूषण कम करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने और वायु प्रदूषण को कम करने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।




