ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की दूरदराज ग्राम पंचायत बेरल में रविवार को महिलाओं की ग्राम सभा में सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ वार्ड सदस्य अहिल्यादेवी ने की। पंचायत प्रधान जोगेंद्र शर्मा भी इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में उपस्थित महिलाओं का स्वागत किया गया तथा महिला ग्राम सभा के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी गई। पंचायत प्रधान जोगेंद्र शर्मा ने महिलाओं से ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताएं खुलकर सामने रखने का आह्वान किया।

उन्होंने महिलाओं को सरकार एवं विभिन्न विभागों की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्र होने पर उनका लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।

बैठक में महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, स्वच्छता, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा, स्वरोजगार सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे तथा पंचायत स्तर पर उनके समाधान और आवश्यक कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया।



