ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सोलन जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सौर में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिताओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता में नंड स्कूल की वॉलीबाल टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदोखरी को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं खो-खो में राजकीय उच्च विद्यालय कोहू के साथ रोमांचक मुकाबले में नंड स्कूल को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा। इसके अलावा बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चमधार के साथ कड़े मुकाबले में आस्था-नंड स्कूल ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पीईटी वीरेंद्र कंवर के मार्गदर्शन में पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न खेलों में विद्यालय की टीमों की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार मुख्यातिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने नंड स्कूल के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की सफलता पर उन्हें बधाई दी और इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत तथा पीईटी वीरेंद्र कंवर के कुशल मार्गदर्शन को दिया।

