भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने सरकार से की लंबित देनदारियां शीघ्र चुकाने की मांग।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ अर्की इकाई की बैठक लोक निर्माण विश्राम गृह अर्की में इकाई प्रधान के.सी. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

अर्की इकाई के सचिव अनिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरचंद शर्मा और जिला उपाध्यक्ष देवीरूप अत्री सहित अर्की इकाई के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में सबसे पहले 1 सितंबर को चौड़ा मैदान, शिमला में आयोजित धरना-प्रदर्शन की सफलता पर विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनरों ने संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा पेंशनरों की लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति जिस प्रकार सरकार से लगातार संपर्क कर पेंशनरों की मांगों को उठा रही है, वह सराहनीय है।

बैठक में अर्की इकाई के पेंशनरों ने संकल्प लिया कि संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से भविष्य में जो भी निर्णय या आंदोलन का आह्वान किया जाएगा, उसमें इकाई के पेंशनर पूरी एकजुटता के साथ भाग लेंगे। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से मांग की कि उनकी लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।


बैठक में जल शक्ति विभाग अर्की मंडल द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों का भुगतान न किए जाने पर भी पेंशनरों ने असंतोष जताया। पेंशनरों ने कहा कि सरकार के स्पष्ट आदेशों के बावजूद चिकित्सा बिलों का भुगतान लंबित है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग अर्की मंडल को पत्र भेजकर मांग की गई है कि 15 दिनों के भीतर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों का भुगतान किया जाए। ऐसा न होने पर मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने की बात कही गई।
बैठक में कामेश्वर, यशपाल, प्रेम शर्मा, दामोदर पाठक, बद्रीनाथ, खेमचंद, अनिल शर्मा सहित अन्य पेंशनर साथी मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page