लड़ोग स्कूल में शिक्षक दिवस पर शिक्षा संवाद, विद्यार्थियों की प्रगति व विद्यालय विकास पर हुआ मंथन

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘शिक्षा संवाद’ एवं सामान्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न हितधारकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


शिक्षा संवाद का मुख्य उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सर्वांगीण प्रगति पर सामूहिक रूप से चर्चा करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों के प्रगति कार्ड पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनकी उपलब्धियों, कमियों और भविष्य में सुधार के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विचार-विमर्श किया।


बैठक में विद्यालय के विकासात्मक कार्यों, शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा विद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैडमिंटन में विद्यालय ने हासिल किया दूसरा स्थान

शिक्षा संवाद के दौरान विद्यालय की खेल उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग की अंडर-14 छात्र बैडमिंटन टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज में आयोजित अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यालय परिवार ने टीम के सभी खिलाड़ियों तथा उनके प्रशिक्षक भूपेन्द्र कुमार शास्त्री को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।


विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास का समन्वित प्रयास ही वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर एसएमसी  प्रधान बबीता ठाकुर, नवीन ठाकुर, उपप्रधान संतोष कुमारी, गायत्री देवी, ग्राम पंचायत कुंहर के उपप्रधान जुगल किशोर सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय के मुख्य शिक्षक अरुण कुमार तथा राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग के समस्त अध्यापक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों,एसएमसी सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय के विकास के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग एवं सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page