ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल अर्की में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता ने सभी शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों का विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण योगदान होता है। शिक्षक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को एक बेहतर इंसान बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों द्वारा किए जा रहे परिश्रम और सहयोग की सराहना की।

शिक्षक दिवस के अवसर पर स्टाफ सदस्यों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद लिया। इससे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।
डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि विद्यालय की प्रगति में प्रत्येक स्टाफ सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से ही विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने सभी सदस्यों को इसी भावना के साथ मिल-जुलकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में स्टाफ सदस्यों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।




