अर्की में हर्षोल्लास से मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

राधा-कृष्ण की बाल स्वरूप शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ नगर, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया जोश।


ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल मुख्यालय अर्की में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रामलीला क्लब अर्की के सदस्यों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भगवान श्री राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप की भव्य शोभायात्रा निकाली।


शोभायात्रा अर्की नगर के सभी वार्डों से होते हुए नगर की परिक्रमा कर स्थानीय बाजार में संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


जन्माष्टमी के अवसर पर शाम के समय अर्की बाजार में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने जोश एवं हुनर का प्रदर्शन किया। मटकी फोड़ने के दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

रात्रि के समय श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजन-कीर्तन में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की और जन्माष्टमी पर्व की खुशियां मनाईं।

रामलीला क्लब अर्की के निदेशक हेमेंद्र गुप्ता और प्रधान अजय रघुवंशी ने शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग और सहभागिता से जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर रामलीला क्लब अर्की के सभी सदस्य मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page