ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती में आयोजित अर्की ब्लॉक स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिताओं का मंगलवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अर्की ब्लॉक के 22 विद्यालयों के 334 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार सुबह विभिन्न खेलों के मुकाबले हुए। वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में घणागुघाट ने आरआरसीएस शमलोह को हराकर खिताब अपने नाम किया। पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में घणागुघाट की टीम ने लगातार तीन सेट जीतकर शानदार विजय हासिल की।

कबड्डी के फाइनल में मेजबान भूमती और मांगल की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें मांगल ने भूमती को 23-14 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।

वहीं, बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में धुन्दन ने बलेरा को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।

इससे पहले प्रतियोगिता के दूसरे दिन खो-खो के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज ने एनपीएस धुन्दन को हराकर खिताब जीता था।

समापन समारोह में तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर आयोजकों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।

अपने संबोधन में मुख्यातिथि विपिन वर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद मुख्यातिथि ने विभिन्न खेलों में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही मार्च पास्ट में प्रथम स्थान हासिल करने वाले राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन तथा द्वितीय स्थान पर रहे मेजबान राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती को भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के आयोजन में समाजसेवी एवं व्यवसायी विनोद शर्मा ने 15,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। आयोजन समिति ने उनके सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान शकुंतला ठाकुर, बीडीसी सदस्य कमलेश शर्मा, पूर्व प्रधान प्यारेलाल शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा, उपप्रधानाचार्य विजय चंदेल, विद्यालय स्टाफ के सभी सदस्य,टूर्नामेंट इंचार्ज महेंद्र राठौर, टूर्नामेंट पर्यवेक्षक राजकुमार गौतम, मंच संचालक राजकुमार पाल, एसएमसी अध्यक्ष विभूति शर्मा सहित विभिन्न टीमों के साथ आए ऑफिशियल, खिलाड़ी, विद्यालय स्टाफ तथा आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीण उपस्थित रहे।




