बेरल पंचायत के उपरला स्कोर गांव के लिए सड़क निर्माण शुरू, ग्रामीणों ने विधायक संजय अवस्थी का जताया आभार

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की की दूरदराज पंचायत बेरल के उपरला स्कोर गांव के लिए सड़क निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा शुरू कर दिया गया है। गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग ग्रामीण लंबे समय से उठा रहे थे। विधायक संजय अवस्थी के प्रयासों एवं अनुशंसा के बाद निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है और उन्हें जल्द सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद बंधी है।


स्थानीय पंचायत के उपप्रधान जगदीश शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा न होने के कारण गांव के लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए करीब ढाई किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ता था। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों की यह परेशानी दूर होने की उम्मीद है।


सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान जोगिंद्र शर्मा, वार्ड सदस्य सरला देवी, पूर्व वार्ड सदस्य जयंती देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान विधिवत भूमि पूजन किया गया। ग्रामीणों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई।


ग्रामीणों ने कहा कि उपरला स्कोर तक सड़क पहुंचना गांव की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग थी। लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य शुरू किए जाने से अब इस मांग के पूरा होने की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए विधायक संजय अवस्थी का आभार जताया और उम्मीद जताई कि विभाग द्वारा कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा।


सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन भी आसान होने की उम्मीद है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page