ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती में आयोजित अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खो-खो के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज और एनपीएस धुन्दन की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज की टीम ने जीत हासिल कर खो-खो का खिताब अपने नाम किया।

कबड्डी के सेमीफाइनल मुकाबलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बथालंग का सामना मेजबान राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती से होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मांगल और अर्की की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबलों के विजेता फाइनल में प्रवेश करेंगे। इससे पहले कबड्डी में अर्की ने मांजू को, जबकि बथालंग ने कुनिहार को हराया था।

वॉलीबॉल के पहले सेमीफाइनल में आरआरसीएस शमलोह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में नवगांव और घणागुघाट के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें घणागुघाट की टीम विजयी रही। अब वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में आरआरसीएस शमलोह और घणागुघाट की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

बैडमिंटन के सेमीफाइनल मुकाबलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर का मुकाबला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन से तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा का मुकाबला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की से होगा। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।



