ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए 27 अगस्त को भव्य एवं रंगारंग स्वागत समारोह आयोजित किया गया। बीए एवं बीकॉम द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों का आत्मीयता एवं उत्साह के साथ स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी प्राचार्य डॉ. हेत राम एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम को संगीतमय बनाया। इसके बाद भांगड़ा, नाटी, एकल नृत्य और एकल गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

मेहमान विद्यार्थियों के लिए मॉडलिंग, चेयर गेम और पेपर डांस जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हिमाचली लोकनृत्य नाटी ने समारोह में विशेष रंग भर दिया और विद्यार्थियों के साथ अध्यापक वर्ग भी झूम उठा।

इस अवसर पर कार्यकारी प्राचार्य डॉ. हेत राम ने नवागंतुक विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, प्रतिभा विकास एवं जीवन-मूल्यों को सीखने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई। मिस्टर फ्रेशर हर्ष कुमार कौंडल, मिस फ्रेशर गीतांजलि, मिस पर्सनैलिटी यक्षिता नेगी, मिस्टर चार्मिंग ललित चंद, मिस चार्मिंग नंदिता तथा मिस्टर पर्सनैलिटी शेखर चुने गए। सभी विजेताओं को कार्यकारी प्राचार्य ने सम्मानित किया। समारोह उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।



