ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत सिविल अस्पताल अर्की में आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 25 अगस्त से 8 सितंबर तक मनाए जा रहे इस पखवाड़े का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है।

कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर, एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सर्विसेज ने आशा कार्यकर्ताओं को नेत्रदान की आवश्यकता और सामाजिक महत्व की जानकारी दी।

डॉ. शांडिल ने बताया कि मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से कॉर्निया का उपयोग दृष्टिबाधित व्यक्ति को दृष्टि प्रदान करने में किया जा सकता है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करने तथा इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं के साथ समूह चर्चा भी की गई और नेत्रदान से संबंधित उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। सुपरवाइजर भूषण वर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में सहयोग दिया।





