ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- शिमला से पनोई वाया दानोघाट, सेर-गलोटिया, कजियारा, कुन, सोरिया व मलावन होकर चलने वाली एचआरटीसी की बस आए दिन खराब होने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत दानोघाट के उपप्रधान श्याम ठाकुर ने बताया कि इस रूट पर यही एक प्रमुख बस सेवा है, जिसमें सुबह के समय स्कूली बच्चे, सरकारी कर्मचारी और आम लोग सफर करते हैं।

उन्होंने बताया कि यह बस सप्ताह में कई बार रास्ते में ही खड़ी हो जाती है। इससे स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते, जबकि कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर पहुंचने में दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि बस की समस्या को लेकर एचआरटीसी प्रबंधन से पहले भी शिकायत की जा चुकी है।

इसके अलावा इस सड़क मार्ग की हालत भी दयनीय बनी हुई है। जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण बस को भी चढ़ाई वाले हिस्सों में परेशानी आती है।

दानोघाट पंचायत के पूर्व प्रधान संतराम ठाकुर,कृष्ण दास भट्टी,हुकमचन्द,लेखराम,चमनलाल,प्रकाश चन्द ,राजेन्द्र,नरेंद्र,लालसिंह और रविन्द्र सहित समस्त क्षेत्रवासियों ने एचआरटीसी प्रबंधन और स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से मांग की है कि इस रूट पर सुचारू रूप से चलने वाली बस उपलब्ध करवाई जाए तथा सड़क की हालत में भी सुधार किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आम लोगों को राहत मिल सके।



