ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- शिमला में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्केटिंग टूर्नामेंट में डीसीएम लैंड ऑफ गॉड स्कूल अर्की के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीते, जिनमें 2 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं।

स्वर्ण पदक कक्षा नौवीं के ओजस और कक्षा चौथी के भाव्यांश ने जीते। रजत पदक विजेताओं में कक्षा तीसरी की सीरत, कक्षा पांचवीं के निकुंज, कक्षा दूसरी के रंश, कक्षा सातवीं के जीवेश और कक्षा नौवीं के विनायक शामिल हैं।
कांस्य पदक कक्षा तीसरी की रिहाना, कक्षा छठी की कृषा, कक्षा चौथी के दिव्यम और कक्षा तीसरी के उज्ज्वल ने हासिल किए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना पांटा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के अभिभावकों और प्रशिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है।
ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान के साथ 11 पदक हासिल करना विद्यालय के लिए गौरव की उपलब्धि है।


