सोलन जिला के स्कूलों में क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को लेकर तैयारियां तेज, विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज। क्रीड़ा भारती, हिमाचल प्रदेश की ओर से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति ज्ञान, रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026’ में जिला सोलन के विद्यालयों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में उप निदेशक स्कूल शिक्षा (मा.) सोलन की ओर से जिले के समस्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


22 अगस्त, 2026 को जारी ज्ञापन में कहा गया है कि क्रीड़ा भारती, हिमाचल प्रदेश द्वारा विद्यार्थियों के बीच खेलों के प्रति ज्ञान, रुचि एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। उप निदेशक ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए पात्र विद्यार्थियों को परीक्षा के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा उन्हें अधिकाधिक संख्या में इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।


विद्यालयों को क्रीड़ा भारती द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों के पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करवाने को कहा गया है। ज्ञापन में इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय स्तर की ज्ञान परीक्षा


क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 के प्रचार सामग्री के अनुसार यह खेल संस्कृति, मूल्यों और विरासत पर केंद्रित राष्ट्रीय स्तर की ज्ञान परीक्षा है। इसका उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति समझ विकसित करने के साथ-साथ चरित्र निर्माण और सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देना है। परीक्षा का संदेश “क्रीड़ा से निर्माण चरित्र का, चरित्र से निर्माण राष्ट्र का” दिया गया है।


आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए

परीक्षा में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कारों का प्रावधान किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये रखा गया है। इसके अलावा दो रनर-अप को 50-50 हजार रुपये, छह प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये तथा 11 प्रतिभागियों को 11-11 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।

पंजीकरण को लेकर ये निर्देश

क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के पंजीकरण संबंधी जारी जानकारी में प्रतिभागियों के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अनुसार एक बार भुगतान की गई राशि वापस नहीं होगी और एक उपयोगकर्ता को केवल एक परीक्षा देने की अनुमति होगी। भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दर्ज किए गए विवरण में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।


पंजीकरण के दौरान दिए गए मोबाइल नंबर पर ही संबंधित जानकारी साझा की जाएगी। प्रतिभागियों को अपना नाम और जन्मतिथि आधार कार्ड के अनुसार बिल्कुल सही दर्ज करने के लिए कहा गया है। साथ ही पंजीकरण आगे बढ़ाने से पहले मोबाइल नंबर को अच्छी तरह जांचने की हिदायत दी गई है, ताकि गलत मोबाइल नंबर दर्ज होने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


आयोजकों की ओर से परीक्षा अथवा नियमों में परिवर्तन या परीक्षा को रद्द करने का अधिकार सुरक्षित रखा गया है।

स्कूलों को अधिकाधिक विद्यार्थियों को जोड़ने के निर्देश
उप निदेशक स्कूल शिक्षा (मा.) सोलन ने विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यार्थियों को परीक्षा की जानकारी उपलब्ध करवाकर उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें। साथ ही पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रक्रिया क्रीड़ा भारती के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में पूरी करवाना सुनिश्चित करें।
ज्ञापन में इसे अति आवश्यक एवं तत्काल अनुपालन के लिए जारी किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि क्रीड़ा भारती, हिमाचल प्रदेश के प्रांत मंत्री को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के इतिहास, संस्कृति, मूल्यों और खेल भावना से जोड़ने के साथ उनके ज्ञान एवं रुचि को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा। जिला सोलन के विद्यालयों की अधिकाधिक भागीदारी से बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस पहल से जुड़ सकेंगे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page