ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में शनिवार को एचपीवी टीकाकरण के संबंध में विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, उससे होने वाली गंभीर बीमारियों तथा समय पर टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरयांज से चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिमन्यु कुमार कौशल, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुचेता शर्मा तथा आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, इसके दुष्प्रभाव और बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. अभिमन्यु कुमार कौशल ने बताया कि समय पर लगाया गया एचपीवी टीका भविष्य में इस वायरस से होने वाली गंभीर बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम करने में सहायक होता है। उन्होंने अभिभावकों की विभिन्न शंकाओं का समाधान करते हुए पात्र बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण करवाने का आग्रह किया।

विद्यालय प्रभारी यश पाल वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अभिभावकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पात्र बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



