ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला पुलिस की एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अर्की क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों के कब्जे से 2.07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत शर्मा, निवासी गांव चुनाड़- ब्रहमणा, डाकघर भूमती, तहसील अर्की तथा खेम चंद , निवासी गांव नरवाड़, डाकघर खरड़हट्टी, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर उन्हें पाबंद किया गया है। साथ ही दोनों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोलन एस.डी. वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।


