ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत क्षेत्र में उप-ग्राम सभाओं की शुरुआत की। इस दौरान पंचायत प्रधान आशा ठाकुर, उपप्रधान हरीश कुमार तथा सभी वार्ड सदस्य अपने-अपने वार्डों में पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं, सुझावों तथा विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की।

बैठकों के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए तथा विभिन्न वार्डों की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने पर विचार-विमर्श किया। पंचायत प्रधान आशा ठाकुर ने कहा कि उप-ग्राम सभाओं का उद्देश्य पंचायत के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझना तथा जनभागीदारी के आधार पर विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि पंचायत का समग्र विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।


उपप्रधान हरीश कुमार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि नियमित रूप से वार्ड स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करेंगे, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। उन्होंने पंचायतवासियों से उप-ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पंचायत के विकास में सहयोग देने की अपील की।

बैठकों में सभी वार्ड सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों के लोगों के साथ विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और अन्य स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की तथा समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि उप-ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत और ग्रामीणों के बीच समन्वय मजबूत होगा तथा विकास कार्यों में जनसहभागिता को बढ़ावा मिलेगा।

