ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- जिला सोलन पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक सोमवार को सोलन के एक निजी होटल में आयोजित हुई। बैठक में जिले भर से 107 पुलिस पेंशनरों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश सरकार एवं पुलिस विभाग से लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया। यह जानकारी संगठन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर ने दी।

बैठक में मांग उठाई गई कि पुलिस पेंशनरों की वर्षों से लंबित सभी वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का एरियर सहित भुगतान किया जाए। साथ ही वर्षों से लंबित मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित पेंशनरों को समय पर राहत मिल सके।

एसोसिएशन ने पुलिस भर्ती में सेवारत एवं सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए कुछ सीटें आरक्षित करने की भी मांग की। इसके अलावा वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पुलिस कर्मियों की लंबित देनदारियों का शीघ्र निपटारा करने तथा सैनिक कैंटीन की तर्ज पर प्रत्येक जिले में पुलिस पेंशनरों के लिए मोबाइल कैंटीन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। संगठन ने यह भी मांग की कि सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मियों को नियमानुसार मिलने वाले सभी वित्तीय लाभ सेवानिवृत्ति के एक माह के भीतर दिए जाएं।

बैठक में संगठन का कार्यकाल पूरा होने पर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें धनीराम तनवर को संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार, पुष्प लता सूद को अध्यक्ष, नेकी राम को कार्यकारी अध्यक्ष, नित्य प्रकाश को संयुक्त सचिव, जसवीर सिंह को महासचिव, जीत राम भारद्वाज को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संत राम को उपाध्यक्ष, श्याम लाल भाटिया को सलाहकार तथा जय देवी को कानूनी सलाहकार चुना गया।
बैठक के अंत में संगठन ने सरकार और पुलिस विभाग से पेंशनरों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।



