ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग((मांजू) एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 15वें वित्त आयोग के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मांजू के भवन निर्माण एवं उन्नयन कार्यों हेतु 34.02 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सोलन कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 15वें वित्त आयोग के तहत एमडी, एनएचएम द्वारा स्वीकृत यह राशि संबंधित निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर) मंडल अर्की के कार्यकारी अभियंता को हस्तांतरित की जाएगी। पीएचसी मांजू को मिली इस वित्तीय स्वीकृति से स्वास्थ्य केंद्र के भवन एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इससे ग्राम पंचायत पलोग तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

सीएमओ कार्यालय ने संबंधित विभाग को निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) तथा पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि 15वें वित्त आयोग के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में सोलन जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के भवन निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के लिए 9 करोड़ 68 लाख 13 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें पीएचसी मांजू के लिए स्वीकृत 34.02 लाख रुपये भी शामिल हैं।

