ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रौड़ी में सोमवार को 15 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से रौड़ी से मीरा महाजन गौशाला तक बनने वाले एम्बुलेंस मार्ग का शिलान्यास विधायक संजय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न घोषणाएं भी कीं तथा लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्र के विकास की आधारशिला हैं और प्रदेश सरकार प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनेक जनहितैषी निर्णय लिए गए हैं। प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

इसके अलावा गाय और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि तथा पंजीकृत दुग्ध सहकारी संस्थाओं से जुड़े पशुपालकों के लिए दूध खरीद पर प्रोत्साहन राशि 3 रुपये से बढ़ाकर 6 रुपये प्रति लीटर की गई है।
उन्होंने बताया कि दाड़लाघाट में स्वयंसेवी संस्थाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें तथा बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पुस्तकालय का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है, जिसकी सुविधा लोगों को शीघ्र मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने एम्बुलेंस मार्ग डुगली के सुधार एवं मरम्मत के लिए 3 लाख रुपये, अंबुजा सीमेंट आउट गेट रौड़ी से चलाई गांव तक एम्बुलेंस मार्ग निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा फाउंटेन युवक मंडल भवन के निर्माण हेतु औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने महिला मंडल रौड़ी, खाता और बागा को 11-11 हजार रुपये तथा फाउंटेन यूथ क्लब रौड़ी को भी 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर दी सोलन जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ सीमित के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, ग्राम पंचायत रौड़ी की प्रधान मधुबाला, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान श्याम चौधरी, ग्राम पंचायत रौड़ी के उपप्रधान मदन शर्मा, अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के यूनिट हेड सुनील चौधरी, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक संजय शर्मा, बाघल लैंड लूजर ट्रक ऑपरेटर सोसायटी दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, अंबुजा-दाड़ला-कशलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, एसडीटीओ ट्रांसपोर्ट सोसायटी दाड़लाघाट के प्रधान रामकिशन बंसल, कांग्रेस नेता संजय ठाकुर, मनोज गौतम, राजेंद्र पंवर, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बलीराम कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




