शिक्षा मंत्री को स्कूल भवन के उद्घाटन से रोकना व्यवस्था परिवर्तन का उदाहरण: जयराम ठाकुर

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़-  नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देयोरी में तैयार स्कूल भवन का उद्घाटन सात माह बाद भी नहीं हो पाया है। उन्होंने इसे सरकार के “व्यवस्था परिवर्तन” का उदाहरण बताते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री को भी स्कूल भवन का उद्घाटन करने से रोक दिया गया।


जयराम ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि देयोरी में विद्यार्थी किराये के चार कमरों में दो नालों के बीच जोखिम भरे माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, जबकि बहुमंजिला स्कूल भवन तैयार होने के बावजूद उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री ने स्थानीय लोगों की मांग और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम तय किया था, लेकिन राजधानी से मिले निर्देशों के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि उद्घाटन के लिए मंत्री के नाम की पट्टिका भी लगा दी गई थी, जिसे बाद में अधिकारियों से हटवा दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार अपने राजनीतिक हितों के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से स्कूल भवन का उद्घाटन करवाना चाहती है, जिसके कारण उद्घाटन में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि जिन कारणों से शिक्षा मंत्री को उद्घाटन से रोके जाने की बातें सामने आ रही हैं, वे दुर्भाग्यपूर्ण और हास्यास्पद हैं।


जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की पट्टिकाएं हटाने वाली सरकार अब अपने ही मंत्रियों की पट्टिकाएं उखड़वा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उद्घाटन समारोह में स्थानीय भाजपा विधायक को आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि मुख्यमंत्री पहले ऐसे कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक को बुलाने का आश्वासन दे चुके हैं।


उन्होंने प्रदेश सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद सरकार ने दो हजार से अधिक स्कूल बंद किए हैं, जबकि एक तैयार स्कूल भवन का उद्घाटन भी राजनीति की भेंट चढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्कूल भवन का उद्घाटन कर उन्हें नए भवन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page