ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़। जिला सोलन के धर्मपुर थाना क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने चार घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा करते हुए मृतक की पत्नी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोलन एस.डी. वर्मा ने की है।

एसपी एस.डी. वर्मा ने बताया कि 5 जुलाई को पुलिस चौकी डगशाई को सूचना मिली कि जोहड़ पटियाला के नीचे कच्ची सड़क के समीप झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है तथा सड़क पर भी काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान रूप लाल (40) पुत्र काली, मूल निवासी नेपालगंज (नेपाल) तथा वर्तमान निवासी जोहड़ पटियाला, डाकघर भोजनगर, तहसील एवं जिला सोलन के रूप में हुई।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी बलदेव के बयान के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक पिछले लगभग तीन माह से अपने परिवार सहित जोहड़ पटियाला में रह रहा था तथा अपनी पत्नी के साथ स्थानीय स्तर पर मजदूरी करता था। 4 जुलाई की शाम वह अपने साडू को छोड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन तलाश के दौरान उसका शव सड़क के नीचे झाड़ियों में मिला।

एसपी के अनुसार, घटनास्थल से खून से सना एक चाकू सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एसएफएसएल), जूंगा की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके अलावा गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच, तकनीकी विश्लेषण, गवाहों के बयानों तथा अन्य एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी चन्द्रा चलाउने (26), मूल निवासी जिला नेपालगंज (नेपाल) एवं वर्तमान निवासी जोहड़ पटियाला, की कथित संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान चक्रा बहादूर कामी (35), मूल निवासी जिला सल्याण (नेपाल) एवं वर्तमान निवासी बीटीएम अपार्टमेंट, कुमारहट्टी, जिला सोलन, की कथित संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसे कुमारहट्टी से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी एस.डी. वर्मा के अनुसार, प्रथम दृष्टया जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि दोनों आरोपियों ने कथित रूप से आपसी षड्यंत्र के तहत रूप लाल की हत्या की। दोनों आरोपियों को सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके। मामले की जांच अभी जारी है।
एसपी एस.डी. वर्मा ने बताया कि यह एक ब्लाइंड मर्डर का मामला था, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य अथवा आरोपियों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं थी। पुलिस के अनुसार, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण तथा उपलब्ध साक्ष्यों के सूक्ष्म परीक्षण के आधार पर पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जारी है।

