31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य निशानेबाजी चैंपियनशिप 8 से 14 जुलाई तक, शिमला व कैथलीघाट में होंगे राइफल, पिस्टल और शॉटगन मुकाबले

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन (एचपीएसआरए) के तत्वावधान में 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य निशानेबाजी चैंपियनशिप का आयोजन 8 से 14 जुलाई तक शिमला और कैथलीघाट में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाज विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


एसोसिएशन के महासचिव ईश्वर रोहल तथा आयोजन सचिव विजय ठाकुर ने बताया कि 10 मीटर राइफल और पिस्टल स्पर्धाएं 8 से 13 जुलाई तक इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिमला में आयोजित होंगी। वहीं 25 मीटर एवं 50 मीटर पिस्टल, 50 मीटर राइफल तथा शॉटगन स्पर्धाएं 9 से 13 जुलाई तक कैथलीघाट शूटिंग रेंज में संपन्न होंगी। प्रतियोगिता का समापन 14 जुलाई को दोपहर तीन बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।


उन्होंने बताया कि नॉर्थ जोन, प्री-नेशनल और राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य रखा गया है। प्रतियोगिता में केवल व्यक्तिगत स्पर्धाओं का आयोजन होगा। सीनियर, जूनियर, यूथ, सब-यूथ, मास्टर्स, सीनियर मास्टर्स, सुपर मास्टर्स तथा अंडर-12 वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयु वर्ग का निर्धारण 31 दिसंबर, 2026 की आयु के आधार पर किया जाएगा।


प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को एनआरएआई के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करवाना होगा। सामान्य प्रविष्टियां 7 जुलाई प्रातः 8 बजे तक स्वीकार की जाएंगी, जबकि विलंब शुल्क के साथ 8 जुलाई प्रातः 8 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे।


आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान आईएसएसएफ और एनआरएआई के नियमों का पालन अनिवार्य होगा। खिलाड़ियों को निर्धारित ड्रेस कोड में ही प्रतियोगिता स्थल पर प्रवेश मिलेगा। चप्पल, सैंडल, ब्लू जींस, स्लीवलेस परिधान, मिनी स्कर्ट, कार्गो पैंट तथा बाहरी जेब वाले शॉर्ट्स प्रतिबंधित रहेंगे। प्रतियोगिता स्थल पर धूम्रपान, शराब, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की अनुमति नहीं होगी।


उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को सुरक्षा संबंधी सभी नियमों एवं रेंज अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना होगा। अभ्यास एवं प्रतियोगिता के लिए गोला-बारूद उपलब्धता के अनुसार निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि प्रतिभागियों को अपने ठहरने और भोजन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। प्रतियोगिता से संबंधित दिशा-निर्देश सभी जिला राइफल संघों एवं संबद्ध इकाइयों को भेज दिए गए हैं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page