ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पुलिस थाना सदर सोलन ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर लुधियाना से चोरी के तीन मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित वाहन चोर गिरोह से संबंधों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सोलन निवासी प्रीतम साधुरवा ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज करवाई कि 28 जून को उन्होंने अपना मोटरसाइकिल (नंबर WB-42BE-4043) बीडीओ कार्यालय सोलन के समीप पार्क किया था, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। चोरी हुए मोटरसाइकिल की कीमत करीब 98 हजार रुपये बताई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने 2 जुलाई को पंजाब निवासी नरजीत सिंह (36), निवासी एमजेके नगर, लोहरा, जिला लुधियाना तथा कुलविंदर महेश (33), निवासी गांव रोहिरा, तहसील अहमदगढ़, जिला संगरूर को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लुधियाना से चोरी के तीन मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद वाहनों का सत्यापन कर रही है, ताकि उनके वास्तविक मालिकों और अन्य चोरी के मामलों से संबंधों का पता लगाया जा सके।

पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा अन्य राज्यों या जिलों में भी वाहन चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता रही है या नहीं।
सोलन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें, सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।


