ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दानोघाट में प्रधानाचार्य मंजू राणा की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। बैठक में अभिभावकों एवं समिति सदस्यों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया।

चुनाव प्रक्रिया में राजेश ठाकुर को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा उमावती को उपाध्यक्ष चुना गया। प्रधानाचार्य मंजू राणा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि समिति विद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के हित और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। बैठक का समापन विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ हुआ।
