ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़-उपमंडल मुख्यालय स्थित शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में शुक्रवार को प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित चुनाव में लगभग 400 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय के विकास के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज करवाई।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसके बाद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से दीपक गुप्ता को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए सुनील धीमान और रुचिका गुप्ता के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सुनील धीमान विजयी रहे।

प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय और अभिभावकों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई समिति विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाएगी। उन्होंने अभिभावकों का चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक गुप्ता और उपाध्यक्ष सुनील धीमान ने विद्यालय के विकास, शैक्षणिक एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय हित से जुड़े प्रत्येक कार्य में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने नवगठित एसएमसी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।





