दैनिक हिमाचल न्यूज़- नगर पंचायत अर्की द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक विशेष लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य आम नागरिकों, रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं, स्वयं सहायता समूहों तथा छोटे कारोबारियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना और उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ना रहा।

लोक कल्याण मेले में बड़ी संख्या में रेहड़ी-फड़ी धारकों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं तथा नागरिक सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर सामुदायिक संगठिका मंजू देवी, सीएमएम पायल शर्मा तथा यूको बैंक के पदाधिकारियों ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान तथा स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को जागरूक किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को बिना गारंटी के आसान ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है, जिससे वे अपने व्यवसाय को सुदृढ़ कर आत्मनिर्भर बन सकें। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों को डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन भी प्रदान किए जाते हैं।

मेले में उपस्थित लोगों ने नगर पंचायत अर्की की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से सरकारी योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचती है और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सरल होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।



