ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- ग्राम पंचायत भूमती के नवनिर्वाचित उपप्रधान विनय शर्मा के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने लंबे समय से बंद पड़ी शिमला-जमली एचआरटीसी बस सेवा को पुनः शुरू करने की मांग को लेकर विधायक संजय अवस्थी को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत करवाया कि बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दैनिक कार्यों के लिए महंगे निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित में बस सेवा को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई।

इस दौरान ग्रामीणों ने गांव प्लास्टा में पेयजल संकट तथा युवाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध करवाने का मुद्दा भी विधायक के समक्ष रखा। विधायक संजय अवस्थी ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विभागों से मामला उठाने और समाधान के प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उपप्रधान विनय शर्मा ने कहा कि शिमला-जमली बस सेवा क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इसके पुनः संचालन से सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक के प्रयासों से बस सेवा जल्द बहाल होगी।

इस अवसर पर पंचायत सदस्य जयचंद शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीण शर्मा, अशोक शर्मा, परमानंद, धनी राम, जयदेव, हेतराम, रघुनाथ, दीनानाथ, ओम प्रकाश शास्त्री, सुभाष, राहुल, धीरज, अकुल, अनुज, ध्रुव, करण, सिद्धार्थ, कुशल, जीवन सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।





