ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- शिक्षा विभाग के नवीन दिशा-निर्देशों के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बवासी तथा केंद्र प्राथमिक पाठशाला बवासी की संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में विद्यार्थियों के अभिभावकों, विद्यालय के शिक्षकों तथा ग्राम पंचायत मान की प्रधान रीता देवी और वार्ड पंच हेमलता ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से रोशनी देवी को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा भूपेंद्र कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया। नवगठित समिति ने विद्यालय के समग्र विकास, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समिति के गठन के उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों ने “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता लघुनाटिका प्रस्तुत की। विद्यार्थियों के प्रभावशाली अभिनय और संदेश ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय समाजसेविका अरुणा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी शची ने विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहयोग करेगी।





