धुंदन स्कूल में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल, विद्यार्थियों ने सीखे बचाव और राहत कार्य के गुर

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक बनाने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवियों, विद्यार्थियों और अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न आपदा परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन किया।


मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप और आग लगने जैसी आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, स्वयंसेवियों और अध्यापकों ने विभिन्न समितियों का गठन कर अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।


सुरक्षित निकासी समिति, प्राथमिक उपचार समिति, चेतावनी एवं संचार समिति, खोज एवं बचाव (रेस्क्यू) समिति तथा परिवहन समिति सहित अन्य समितियों के सदस्यों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने और संयम बनाए रखने का संदेश दिया गया।


विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य भारतेंदु भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में सही निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत करती हैं।
आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी पारुल भाटिया तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू के मार्गदर्शन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के महत्व को समझाया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page