ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने की। बैठक में उपप्रधानाचार्य महेंद्र पाल, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर तथा समिति के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान विद्यालय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति ने विद्यालय में प्रवक्ता इतिहास, प्रवक्ता वाणिज्य तथा कला स्नातक के रिक्त पदों को शीघ्र भरने का प्रस्ताव पारित किया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में विद्यार्थियों को पूर्व वर्षों की भांति ट्रैक सूट उपलब्ध करवाने के विषय पर भी चर्चा हुई। इस प्रस्ताव पर सभी अभिभावकों एवं समिति सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।
इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति में रिक्त हुए सदस्य पदों को भरने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए 25 जून को आम सभा आयोजित करने का फैसला लिया गया, जिसमें नए सदस्यों का चयन किया जाएगा।

बैठक में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा नौवीं कक्षा के लिए जारी किए गए नए पाठ्यक्रम पर भी चर्चा की गई। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों तक नई पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सदस्यों का विद्यालय हित में दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



