ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- सोशल मीडिया पर कराड़ा-बाहवां सड़क मार्ग पर बिछाई जा रही मैटलिंग की गुणवत्ता को लेकर वायरल हुए वीडियो के बाद लोक निर्माण विभाग ने मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि वीडियो में लगाए गए आरोप तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं और कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार किया जा रहा है।

सहायक अभियंता, हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग उपमंडल दाड़लाघाट बलीराम कशयप द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें सड़क पर घटिया गुणवत्ता का तारकोल बिछाने का आरोप लगाया गया। मामले की सत्यता जानने के लिए बुधवार दोपहर 3 बजे विभागीय अधिकारियों तथा संबंधित ठेकेदार की उपस्थिति में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया।

विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत दावटी, ग्राम पंचायत घनागुघाट के प्रधान सहित स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। उनके समक्ष सड़क पर चल रहे कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया, जिसमें कोई तकनीकी कमी नहीं पाई गई। विभाग ने दावा किया कि मैटलिंग का कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया है।

प्रेस बयान में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में जिस स्थान को दिखाया गया, वहां पहले से बिछाई गई तारकोल की परत को किसी औजार की सहायता से जानबूझकर उखाड़ा गया प्रतीत होता है। विभाग का आरोप है कि लोगों को भ्रमित करने के उद्देश्य से इस प्रकार का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

लोक निर्माण विभाग ने स्थानीय जनता से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ऐसे प्रचार से सावधान रहें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सड़क निर्माण एवं मैटलिंग कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जा रहा है और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।



