अर्की में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक, टीबी उन्मूलन और जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर

ब्यूरो दैनिक हिमाचल न्यूज़– सिविल अस्पताल अर्की में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने की। इस दौरान ब्लॉक अर्की के अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।


बैठक में क्षय रोग (टीबी), गैर-संचारी रोग (एनसीडी), एचपीवी संक्रमण एवं टीकाकरण तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. अजय पाठक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा आम जनता तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित की जाए


उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। टीबी के संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार और नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने के साथ-साथ निक्षय पोषण योजना सहित अन्य सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी लाभार्थियों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग और कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण पर भी विशेष बल दिया गया। डॉ. पाठक ने कहा कि जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों में लगातार वृद्धि हो रही है, इसलिए नियमित स्क्रीनिंग और जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।


एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र किशोरियों और महिलाओं तक टीकाकरण सेवाएं प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं उच्च जोखिम गर्भावस्था के मामलों में समय पर पहचान, उचित उपचार और आवश्यकतानुसार रेफरल सेवाएं सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।


बैठक के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध दवाओं, प्रयोगशाला सेवाओं, रोगी पंजीकरण व्यवस्था और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और मरीजों की संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


बैठक में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी सहित ब्लॉक के सभी स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक का समापन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और जनहित में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के संकल्प के साथ किया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page